वाशिंगटन: 22 फरवरी (ए)
) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित ‘मार-ए-लागो’ रिजॉर्ट के सुरक्षा घेरे में गाड़ी सहित घुसने वाले एक हथियारबंद व्यक्ति को रविवार तड़के मार गिराया गया। अमेरिकी खुफिया विभाग के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता एंथोनी गुग्लिएल्मी के अनुसार, उत्तरी कैरोलिना के रहने वाले उस युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष थी और उसके पास पेट्रोल-डीजल रखने वाला एक डिब्बा (कैन) और एक शॉटगन थी। उसके परिवार ने कुछ दिन पहले उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप आमतौर पर सप्ताहांत ‘मार-ए-लागो’ रिजॉर्ट में गुजारते हैं, लेकिन शनिवार रात को घटना के समय वह व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय) में थे। उन्होंने बताया कि प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी घटना के समय राष्ट्रपति के साथ व्हाइट हाउस में थीं। अधिकारियों ने मारे गए व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।खुफिया विभाग के मुताबिक, “मार-ए-लागो रिजॉर्ट के उत्तरी गेट पर तैनात कर्मियों ने एक व्यक्ति को शॉटगन और ईंधन के कैन के साथ घुसते देखा।” विभाग ने बताया कि खुफिया सेवा के एजेंट और पाम बीच काउंटी के शेरिफ के डिप्टी ने व्यक्ति को मार गिराया। इस घटनाक्रम पर व्हाइट हाउस की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।