मुरादाबाद: 12 दिसंबर (ए)
) उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से बिना वैध दस्तावेजों के देश में रहने के आरोप में एक बांग्लादेशी महिला और उसके भारतीय पति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, रीना बेगम नाम की महिला ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। सत्यापन के दौरान, वह अपने रहने की अनुमति देने वाले कोई भी कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रही।
धनाउरा की क्षेत्राधिकारी अंजली कटारिया ने बताया कि रीना और उसके पति राशिद अली की शादी को छह साल हो गए थे।
क्षेत्राधिकारी ने कहा, ‘‘रीना बेगम के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि राशिद अली पर रीना को अवैध रूप से शरण देने का आरोप लगाया गया है।’’उन्होंने कहा कि इन लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है
पकड़ी गई महिला रीना बेगम, जो बांग्लादेश की रहने वाली है, अपने पति राशिद अली के साथ मंडी धनौरा क्षेत्र के कटरा में पिछले काफी समय से रह रही थी। मामला उस समय खुला जब खुफिया विभाग की टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर दोनों से कई घंटों तक पूछताछ की।
पूछताछ में अधिकारियों को उनके कब्जे से निकाह की रसीद मिली, जिससे पता चला कि दोनों ने कुछ वर्ष पहले सऊदी अरब में निकाह किया था। निकाह के बाद दोनों नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए और बिना किसी वैध दस्तावेज के यहां रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार महिला रीना बेगम ढाका (बांग्लादेश) की निवासी है, जबकि उसका पति राशिद अली भारत का रहने वाला है। राशिद पर विदेशी महिला को भारत में अवैध रूप से शरण देने का आरोप लगाया गया है। वहीं बांग्लादेशी महिला के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना मंडी धनौरा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। खुफिया एजेंसियां उनके भारत आने के उद्देश्य और पिछले वर्षों में उनकी गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं।