मथुरा,10 अप्रैल (ए)।
ए)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं/पर्यटकों से भरी एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राहत-बचाव कार्य जारी है।
मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे। इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और गोताखोर भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में राहत बचाव कार्य शुरू कराया गया। अभी तक 10 लोगों के शवों को बरामद किया जा चुका है। जबकि 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत बचाव कार्य जारी है। बताया गया कि लुधियाना से श्रद्धालुओं का ग्रुप वृंदावन घूमने आया था। सभी श्रद्धालु यमुना नदी के भ्रमण के लिए नाव पर सवार हो गए। इस बीच करीब पौने तीन बजे हवा के चलते नाव का संतुलन बिगड़ गया। जिससे नाव पैंटून पुल से टकरा गई और यमुना नदी में पलट गई। नाव में सवार सभी श्रद्धालु भी यमुना नदी में डूबे गये। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। डीएम, एसएसपी और डीआईजी ने मौके का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। एनडीआरएफ और सेना को भी बुलाया गया है।हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।