जौनपुर,13 जून (ए)। यूपी के जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात असलहाधारी दो बदमाशों ने घर में घुसकर दो महिलाओं को बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म किया और नकदी व आभूषण लूटकर भाग गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही रविवार की सुबह मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वारदात की बाबत पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गांव निवासी युवती का भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुम्बई रहता है। बस्ती से सौ मीटर की दूरी पर बने घर की रखवाली के लिए उसकी छोटी दिव्यांग व अविवाहित बहन रहती है। अकेली होने पर रात में वह खानदान में रिश्ते में भाभी को साथ रहने के लिए अक्सर बुला लेती है। शनिवार रात दोनों साथ सोई थी। लगभग 12 बजे दो बदमाश घर के पीछे पेड़ के सहारे छत पर चढ़कर नीचे कमरे में आ गए और असलहे के बल पर दोनों महिलाओं को जगाकर दोनों को कपड़े और रस्सी से बांधकर आंगन में फेंक दिया और घर में लूटपाट शुरू की। इसके बाद दोनों के साथ दुष्कर्म कर भाग गए।
घटना की जानकारी सुबह होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर पहुंचे हल्का दरोगा अजय कुमार ने घटना की छानबीन की। पीड़ितों के अनुसार बदमाशो ने घर की आलमारी में रखा गया सोने का हार, चेन, दो अंगूठी, चार कंगन, चांदी की पैजनी व दो हजार रुपये लूट ले गए। जाते-जाते बदमाश एक महिला के शरीर से टप्स, मंगलसूत्र, पायल भी उतार लिए। जान से मार डालने की धमकी देकर भाग गए।
