नयी दिल्ली: 14 फरवरी (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से एक दिन पहले लिए गए फैसलों से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों का जीवन आसान होगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की
शाम आयोजित बैठक में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के सिलसिले में कई निर्णय लिए गए।
मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के विभिन्न जिलों को कवर करने वाली तीन बहु परिवहन परियोजनाओं को मंत्रिमंडल की मंजूरी से रेल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, परिवहन लागत में कमी आएगी और हमारे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के धमासिया-बिटाडा/मोवी और नासरपुर-मालोथा खंडों को बढ़ाकर ‘चार लेन’ करने के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की मंजूरी से कनेक्टिविटी में और सुधार होगा, खासकर गुजरात के दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में।
उन्होंने कहा, “साथ ही, इससे अधिक लोगों को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ देखने का मौका मिलेगा।”
मोदी ने कहा कि नोएडा के लोगों के लिए ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा देने के लिए मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी दे दी है।
उन्होंने कहा, “इस फैसले से नोएडा में विकास को और गति मिलेगी। साथ ही यातायात भीड़भाड़ में भी काफी कमी आएगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चौड़ा करने का निर्णय आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा, रोजगार सृजित करेगा और ‘जीवन की सुगमता’ में सुधार लाएगा।