नयी दिल्ली: 15 मार्च (ए)
) निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी।रविवार शाम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।निर्वाचन आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना 4 मई को होगी। आयोग ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। राज्य में पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। दोनों चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद 4 मई को मतों की गिनती की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 23 अप्रैल को कराया जाएगा। मतदान के बाद सभी मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी, उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।निर्वाचन आयोग ने बताया कि इन सभी पांच राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई महीने में समाप्त हो रहा है। इसी वजह से अप्रैल-मई के बीच पूरी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया जाएगा।