मुजफ्फरनगर: 24 अक्टूबर (ए)
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि बहू गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस घटना से अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में परिवार वाले दोनों घायलों को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय रॉबिन उर्फ जॉनी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घायल महिला का उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, भोपा थानाक्षेत्र के भोकाहेड़ी कस्बे में पारिवारिक विवाद में पिता बृजवीर (65) ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अपने बेटे रॉबिन सहरावत (42) की गोली मारकर हत्या कर दी और बहू रविता (40) को घायल कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी बृजवीर को गिरफ्तार कर लिया गया और अपराध में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक पुलिस ने जब्त कर ली।
इससे पहले घटना की सूचना मिलने पर कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोप है कि रॉबिन अपने पिता की उपेक्षा कर रहा था और उनकी इच्छा के विरुद्ध कृषि भूमि सहित संपत्ति बेचने की योजना बना रहा था।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह पिता-पुत्र में बातचीत हो रही थी और तभी पिता बृजवीर ने बंदूक निकालकर उन गोली चला दी।
पुलिस के मुताबिक, घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रॉबिन को मृत घोषित कर दिया गया जबकि उसकी पत्नी रविता की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की मां की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी थी और बृजवीर अपने बेटे के साथ रह रहा था।