बेंगलुरु: 21 मई (ए) भारतीय युवा कांग्रेस की शिकायत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी के खिलाफ कथित रूप से झूठी जानकारी दर्शकों तक पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हाई ग्राउंड्स थाने में भारतीय युवा कांग्रेस की विधिक इकाई के प्रमुख श्रीकांत स्वरूप बी एन की शिकायत पर मंगलवार को दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।स्वरूप ने मालवीय और गोस्वामी पर ‘‘स्पष्ट रूप से गलत सूचना प्रसारित करने के लिए एक जघन्य और आपराधिक रूप से प्रेरित अभियान चलाने’’ का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने ‘‘दुर्भावनापूर्ण तरीके से मनगढ़ंत दावे का प्रचार किया है कि तुर्की में इस्तांबुल कांग्रेस सेंटर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) का कार्यालय है।’’
स्वरूप ने कहा, ‘‘यह कृत्य भारत की जनता को धोखा देने, एक प्रमुख राजनीतिक दल को बदनाम करने, राष्ट्रवादी भावनाओं से खिलवाड़ करने, सार्वजनिक अशांति भड़काने और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं लोकतांत्रिक अखंडता को कमजोर करने के आपराधिक इरादे से किया गया था।’’
स्वरूप ने भारतीय प्रेस परिषद, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपील की कि वे इस शिकायत को आपातकालीन स्थिति के रूप में लें।