नयी दिल्ली: 26 दिसंबर (ए) पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली ने यह जानकारी दी।एम्स ने बताया कि 92 वर्षीय सिंह को आज शाम “अचानक बेहोश” होने के बाद गंभीर हालत में आपातकालीन विभाग लाया गया था। इस दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में हुआ था। साल 2004 से 2014 तक वह देश के प्रधानमंत्री थे और भारत के बड़े अर्थशास्त्रियों में उनकी गिनती होती थी। उन्होंने चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय और ग्रेट ब्रिटेन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी।
