थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़: 27 मई (ए)।) पंजाब के फाजिल्का में एक थानाध्यक्ष और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह मामला उस वक्त सामने आया, जब 17 वर्षीय दिलराज सिंह के पिता धर्मेंद्र सिंह ने साइबर अपराध पुलिस थाना, फाजिल्का द्वारा रिश्वत मांगे जाने के सबूत के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान से संपर्क किया।

पुलिस ने एक शिकायत के बाद नाबालिग दिलराज का मोबाइल फोन जब्त कर लिया था। परिवार का आरोप है कि मामले का हल निकालने के प्रयासों के बावजूद उन्हें रिश्वत देने के लिए मजबूर किया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों में थानाध्यक्ष, एक रीडर और दो कांस्टेबल शामिल हैं। वे अब हिरासत में हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा, ‘‘यह मामला भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के पंजाब सरकार के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई दर्शाती है कि सरकार आम लोगों के साथ है तथा हर स्तर पर न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित कर रही है।’’