बांदा (उप्र): 24 मार्च (ए)
) ललितपुर जिले की पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी पर एक महिला सिपाही को परेशान करने और भ्रष्टाचार में संलिप्तता के आरोप पुष्ट होने पर मंगलवार को विभाग से बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ललितपुर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन में तैनात मुख्य आरक्षी जितेंद्र यादव को मंगलवार को पुलिस विभाग से पदच्युत (बर्खास्त) कर दिया गया।उन्होंने बताया कि यादव पर एक महिला सिपाही को बार-बार फोन करके परेशान करने और धमकी देने के अलावा अवकाश पत्रावलियों में अवैध तरीके से धन की मांग किए जाने के आरोप लगे थे, जिसकी जांच झांसी के अपर पुलिस अधीक्षक ने की थी। उन्होंने बताया कि जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर मंगलवार को यादव को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से पदच्युत (बर्खास्त) कर दिया गया।