दुबई, सात अप्रैल (ए)। अमेरिकी वायुसेना ने मंगलवार को ईरान के सबसे महत्वपूर्ण कच्चे तेल निर्यात केंद्र ‘खर्ग द्वीप’ पर
भीषण बमबारी कर उसे आग के गोलों में तब्दील कर दिया। यह हमला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस खौफनाक चेतावनी के ठीक बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने ईरान के हर पावर प्लांट और पुल को ‘मिट्टी में मिलाने’ की बात कही थी। इस हमले के साथ ही अमेरिका ने साफ कर दिया है कि उसका संयम अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वे युद्ध अपराध करने की चिंता बिल्कुल नहीं कर रहे हैं और उन्होंने ईरान की बुनियादी सुविधाओं को नष्ट करने की धमकी जारी रखी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि हर पावर प्लांट जलता हुआ, फटता हुआ और फिर कभी इस्तेमाल न होने वाला रहेगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि मुझे ऐसा नहीं करना पड़े।’ ईरान के एक क्षेत्रीय अधिकारी ने मंगलवार को सरकारी मीडिया को बताया कि मध्य ईरान के शहर काशान में एक रेलवे पुल पर हुए हमले में 2 लोगों की मौत हो गई है। ईरान की IRNA समाचार एजेंसी ने इस्फहान प्रांत के एक वरिष्ठ क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी, अकबर सालेही के हवाले से कहा कि हमलावरों ने काशान शहर में याह्या आबाद रेलवे पुल पर हमला किया है।