कोलंबो,15 फरवरी (ए)।भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।
सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तूफानी अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने रविवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान पर 61 रन की एकतरफा जीत के साथ सुपर आठ चरण के लिए क्वालीफाई किया।
भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।पाकिस्तान को पारी की चौथी गेंद पर साहिबजादा फरहान (0) के रूप में बड़ा झटका लगा। उस समय तक पाकिस्तान का खाता भी नहीं खुल सका था। इसके बाद टीम ने 13 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए।
यहां से उस्मान खान ने बाबर आजम (5) के साथ चौथे विकेट के लिए 21 रन जुटाए, जबकि शादाब खान (14) के साथ 39 रन की साझेदारी की, लेकिन 73 के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरते ही टीम लड़खड़ा गई।
उस्मान खान ने 34 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 44 रन की पारी खेली, जबकि शाहीन अफरीदी ने 23 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 शिकार किया।