कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता पचास हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: नौ जनवरी (ए)) राजस्थान में भरतपुर के उच्चैन में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ब्यूरो के अनुसार कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और सहायक अभियंता मोहित कटियार को परिवादी से पचास हजार रुपए घूस लेते पकड़ा गया।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी भरतपुर टीम को शिकायत मिली थी कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत परिवादी की फर्म द्वारा स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट के मीटर जारी करने और सब्सिडी अप्रूवल के बदले जेवीवीएनएल उच्चैन जिला भरतपुर में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और सहायक अभियंता मोहित कटियार 90 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे और लगातार परेशान कर रहे थे।

शिकायत के सत्यापन के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी भरतपुर अमित सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी अभियंता अभिषेक को सहायक अभियंता मोहित कटियार के साथ मिलकर पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उसके घर के बाहर सड़क पर रंगे हाथों पकड़ लिया गया।