व्यक्ति ने बेटी के सामने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की

उत्तर प्रदेश गाजियाबाद
Spread the love

गाजियाबाद (उप्र): 14 अक्टूबर (ए)) गाजियाबाद जिले के नंद ग्राम थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी बेटी के सामने ही अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार नंद ग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा सोसाइटी में विकास सहरावत नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी रूबी (45) को आज सुबह गोली मार दी। घटना के समय उसकी 11 साल की बेटी नव्या घर पर मौजूद थी, जबकि बड़ी बेटी काव्या स्कूल गई हुई थी।एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि मृतका की छोटी बेटी उस वक्त घर में ही मौजूद थी जबकि बड़ी बेटी स्कूल चली गई थी। बच्ची ने बताया है कि उसकी मम्मी को उसके पापा विकास सहलावत ने गोली मारी है। गोली मारने से पहले दोनों में काफी झगड़ा भी हुआ था। मम्मी को गोली मारने के बाद पापा मौके से भाग गए। वारदात के बाद से बच्ची बहुत ज्यादा डरी-सहमी हुई है।एसीपी पाण्डेय ने बताया कि बेटी और पड़ोसियों के बयानों के मुताबिक, विकास और रूबी में काफी समय से विवाद चल रहा था। पिछले लगभग एक डेढ़ महीने से दोनों साथ भी नहीं रह रहे थे। विकास कुछ करता नहीं था, ऊपर से शराब पीने का आदि था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। सोमवार शाम को विकास घर पर आया और दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ। इसपर रूबी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया था, जिसके बाद विकास वहां से चला गया। हालांकि, मंगलवार सुबह विकास दोबारा फ्लैट पर पहुंचा और रूबी के साथ उसका फिर से झगड़ा हुआ। इसी दौरान उसने जेब से है पिस्तौल निकाल कर रूबी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।