सिवान: 22 जनवरी (ए)
) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को उस समय आपा खो बैठे, जब उन्होंने अपने भाषण के दौरान महिलाओं के एक समूह को उठकर जाते देखा।उस वक्त वह अपनी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों का विस्तार से जिक्र कर रहे थे।
राज्य के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री ने सिवान जिले में एक कार्यक्रम में तीखे लहजे में कहा, “आप सभी महिलाएं क्यों भाग रही हैं? अगर आप रुककर नहीं सुनेंगी तो आपको कैसे पता चलेगा कि आपके लिए क्या-क्या किया जा रहा है?”
वह सिवान जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां वह एक सप्ताह पहले शुरू की गई राज्यव्यापी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में पहुंचे थे।
नीतीश कुमार दो महीने से भी कम समय में 76 वर्ष के हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सिवान में 202 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 45 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किए गए अपने कार्यों पर गर्व करते हैं। माना जाता है कि इन्हीं कार्यों की वजह से वह राज्य की महिला मतदाताओं में लोकप्रिय भी रहे हैं।आज के कार्यक्रम में नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं अन्य लोग मौजूद थे।