इस्लामाबाद: तीन नवंबर (ए)
) पाकिस्तान ने सोमवार को अफगान तालिबान के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि अमेरिकी ड्रोन को उसकी धरती से अफगानिस्तान में हमले करने की अनुमति दी गई थी।पाक सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने इन आरोपों को ‘बेहद निराधार’ बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच ऐसा कोई समझौता नहीं है जो उसे अफगानिस्तान में हमलों की अनुमति देता हो।
सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के महानिदेशक चौधरी ने वरिष्ठ पत्रकारों के एक समूह से बातचीत में कहा कि यह आरोप पूरी तरह झूठा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच वार्ता, सीमा पार हमलों, आतंकवाद-रोधी अभियानों और आतंकियों के वित्तीय ठिकानों पर चर्चा चल रही है। चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान का रुख साफ है। आतंकवाद से निपटना हमारी प्राथमिकता है, और हम किसी भी गलत दावे को बर्दाश्त नहीं करेंगे।पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने दावा किया कि भारत समुद्री सीमा पर एक फर्जी सैन्य कार्रवाई की साजिश रच सकता है और बाद में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह कह सकता है कि उसने आतंकियों की साजिश नाकाम कर दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान किसी भी ऐसी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। चौधरी का यह बयान भारत-पाक तनावपूर्ण संबंधों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।