सुनार की दुकान से सोने के आभूषण ‘चुराता’ यह जानवर सीसीटीवी में रिकॉर्ड को देखकर चौंके लोग

राष्ट्रीय
Spread the love

तुमकुरु (कर्नाटक): 31 जुलाई (ए) तुमकुरु में एक सुनार की दुकान से आभूषण ‘चोरी’ की पड़ताल में उस समय रोचक मोड़ आया, जब सीसीटीवी की जांच करने पर चूहे को सोने की अंगूठी और चेन खींचकर ले जाते देखा गया।

दुकान के मालिक ने शुक्रवार को कहा कि गायब गहने अंततः चूहे के बिल से बरामद हो गए। उन्होंने बताया कि यह घटना इस सप्ताह की शुरुआत में तब सामने आई जब कर्मचारियों ने नियमित भंडार गिनती के दौरान पाया कि 10 अंगूठियां और दो चेन गायब हैं।

दुकान के मालिक विश्वास के अनुसार, कर्मचारियों को शुरू में चोरी का संदेह हुआ और उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की लेकिन कुछ भी असामान्य नहीं मिला।

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई सोचने लगा कि क्या कोई ग्राहक उन्हें ले गया है, लेकिन इसका भी कोई सबूत नहीं था। हम समझ नहीं पाए कि यह कैसे हुआ।’’

बाद में पाया गया कि कई मूल्य टैग भी गायब थे, जिन पर आभूषणों के वजन का विवरण होता है।

विश्वास ने कहा, ‘‘हमने सोचा कि अगर यह चोर है, तो वे टैग नहीं लेंगे; वे केवल आभूषण लेंगे। इसलिए हमने फिर से पड़ताल करने का फैसला किया।’’

उन्होंने बताया कि पिछली रात की सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने पर, कर्मचारियों ने सुबह लगभग 4:30 बजे एक चूहे को अंगूठी ले जाते हुए देखा।

गायब हुए गहनों का कुल वजन 50 ग्राम से ज्यादा बताया गया और उनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई। खास बात यह थी कि दुकान का शटर सही था और ताले पर भी किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हुई थी। ऐसे में कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि आखिर गहने दुकान से बाहर गए कैसे?

गहने गायब होने के बाद कर्मचारियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कई घंटे की रिकॉर्डिंग देखने के बाद उन्हें एक ऐसा दृश्य दिखाई दिया, जिसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी।

सीसीटीवी में रात के समय एक चूहा दुकान के अंदर घूमता नजर आया। इसके बाद वह गहनों के पास पहुंचा और उन्हें एक-एक करके खींचते हुए दुकान के एक हिस्से में ले जाने लगा। चूहा गहनों को घसीटकर एक बिल तक पहुंचा रहा था।

बताया जा रहा है कि गहनों पर लगे पेपर टैग, धागे या गोंद जैसी चीजों ने चूहे को आकर्षित किया हो सकता है। सीसीटीवी में चूहा कुछ टैग चबाता हुआ भी नजर आया।

फुटेज से कर्मचारियों को चूहे के आने-जाने का रास्ता समझ में आ गया। इसके बाद उन्होंने उसी जगह की तलाश शुरू की, जहां चूहा गहने ले जा रहा था। जब दुकान के अंदर बने बिल की खुदाई की गई तो वहां से एक-एक करके गायब हुए गहने मिलने लगे।

बिल के अंदर से करीब 10 हीरे जड़ी सोने की अंगूठियां और कई सोने की चेन बरामद हुईं। राहत की बात यह रही कि ज्यादातर गहने सुरक्षित थे। कुछ गहनों के पेपर टैग जरूर गायब मिले।