हरिद्वार में गंगा नदी में नहाते समय चार कांवड़ यात्री डूबे, मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

हरिद्वार,31 जुलाई (ए)। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार को  चार कांवड़ियों की गंगनहर में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए थे और उनकी उम्र करीब 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास स्नान के दौरान एक कांवड़िया गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और चारों गंगनहर में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंगनहर में सिल्ट सफाई के कारण जलस्तर कम होने से श्रद्धालु बीच धारा तक चले गए थे। इसी दौरान गहरे गड्ढे में फंसने से यह हादसा हुआ।सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए।पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान शिवांशु (16) पुत्र पवन, नितीश (16) पुत्र राजेश, भरत (16) पुत्र हरीश निवासी सेक्टर-30बी चंडीगढ़ तथा रोहित (17) पुत्र भवानीदीन प्रजापति निवासी सेक्टर-26 बाबूधाम कॉलोनी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। सभी साथी हरिद्वार गंगाजल लेने आए थे और जल लेकर चंडीगढ़ की ओर रवाना हो गए थे।