मुंबई,18 अक्टूबर (ए)। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार को एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक के खाई में गिर जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे तलोदा थाना क्षेत्र के चांदसैली घाट खंड में घटी।
एक अधिकारी ने बताया कि करीब 40 लोगों को लेकर एक मिनी ट्रक एक तीर्थस्थल से लौट रहा था, तभी उसके चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
उन्होंने बताया कि मिनी ट्रक 200 फुट गहरी खाई में गिर गया।
अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हो गए।
मिनी ट्रक के चालक सहित घायलों का नंदुरबार के उप-जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान गणेश भील, भूषण गोसावी, पवन मिस्त्री, बापू धनगर, चेतन पाटिल, योगेश ठाकरे, राहुल मिस्त्री और हीरालाल भील के रूप में की है।
उन्होंने बताया कि चालक विलास देसले के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है तथा घटना की जांच जारी है।
