प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन पहुंचे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

अम्मान: 15 दिसंबर (ए)) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन पहुंचे जिसका उद्देश्य अरब देश के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है।

हवाई अड्डे पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी यह यात्रा जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन के आमंत्रण पर कर रहे हैं। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय मुद्दों और आपसी हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

 

अम्मान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह जॉर्डन पहुंचकर प्रसन्न हैं और हवाई अड्डे पर मिले आत्मीय स्वागत के लिए प्रधानमंत्री जाफर हसन के आभारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।

 

जॉर्डन में रहने वाले भारतीय प्रवासियों ने प्रधानमंत्री से मिलने और उनका स्वागत करने के लिए उत्साह दिखाया। भारतीय प्रवासी समिति के सदस्य सनल कुमार ने कहा कि जॉर्डन में भारतीयों का टेक्सटाइल उद्योग में लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा है और वे यहाँ 35,000 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक अद्वितीय और निस्वार्थ नेता हैं, जो देश के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा तीन देशों – जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान – के दौरे के हिस्से के रूप में की जा रही है। जॉर्डन यात्रा किंग अब्दुल्ला द्वितीय के निमंत्रण पर हो रही है और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे विशेष महत्व दिया गया है। इस दौरे में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेने की संभावना है।