मॉस्को: 17 सितंबर (ए)) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और भारत एवं रूस के बीच साझेदारी को मजबूत करने में उनके ‘विपुल व्यक्तिगत योगदान’ की सराहना की।पुतिन ने रूसी मंत्रिमंडल के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस में कहा,‘‘मैंने अभी-अभी भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से बात की। मैंने आप सभी की ओर से हमारे मित्र, भारत के प्रधानमंत्री को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी।’’
पुतिन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की सरकार पूरी तरह से स्वतंत्र और संप्रभु नीति पर चल रही है। और, इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि यह आर्थिक क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर रही है।’’
टेलीविजन पर प्रसारित खबर में पुतिन ने ‘‘दोनों देशों में द्विपक्षीय मैत्रीपूर्ण संबंधों पर राष्ट्रीय सहमति’ का उल्लेख किया, जो विभिन्न दलीय सीमाओं से ऊपर है।
पुतिन ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से कहा, ‘‘मैं यह बताना चाहूंगा कि आधुनिक और समकालीन इतिहास में, सटीक रूप से कहें तो, सोवियत संघ के समय से लेकर नए रूस के युग तक, भारत और रूस के बीच संबंध असाधारण रूप से भरोसेमंद और मैत्रीपूर्ण रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार मास्को और नयी दिल्ली के बीच मैत्री की नीति को जारी रख रही है और उसका विस्तार कर रही है।
अपने कैबिनेट सहयोगी को यह बताने के बाद कि उन्होंने “आप सभी की ओर से” मोदी को बधाई दी, पुतिन ने कहा, “और उनकी (मोदी की) ओर से, मैं पूरे रूसी नेतृत्व को शुभकामनाएं देना चाहता हूं।”
इस बातचीत के बाद मोदी ने कहा कि भारत दोनों देशों के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए मेरे दोस्त राष्ट्रपति पुतिन आपको धन्यवाद।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘हम अपनी विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारत यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव योगदान देने को तैयार है।’’