बेंगलुरु, 13 फरवरी (ए) बेंगलुरु के पास होसकोटे के बाहरी इलाके में शुक्रवार तड़के कई वाहनों की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना होसकोटे-दबासपेटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एम सत्यवारा गांव के पास हुई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब होसकोटे से देवनहल्ली की ओर जा रही एक कार ने एक मोटरसाइकिल को कथित तौर पर पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, कार चालक ने कथित तौर पर शुरुआती टक्कर के बाद वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार एक कैंटर वाहन से टकरा गई। पुलिस के अनुसार एक और कार भी इस हादसे की चपेट में आ गई जिसके परिणामस्वरूप भीषण दुर्घटना हो गई।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार छह लोग और मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग कोथनूर के निवासी थे, हालांकि उनकी पहचान की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए होसकोटे सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।