वायदा कारोबार में चांदी 26,273 रुपये लुढ़ककर 2.65 लाख रुपये पर, निचला सर्किट लगा

व्यापार 
Spread the love

नयी दिल्ली: एक फरवरी (ए)) लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रहने के बीच, वायदा कारोबार में रविवार को चांदी की कीमत 26,273 रुपये प्रति किलोग्राम या नौ प्रतिशत लुढ़कते हुए 2.65 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना तीन प्रतिशत टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया जहां निवेशक ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली कर रहे थे।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च महीने में डिलिवरी वाली चांदी की कीमत 26,273 रुपये, या नौ प्रतिशत लुढ़ककर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने निचले सर्किट पर बंद हुई। पिछले सत्र में, चांदी 1,07,968 रुपये, या 27 प्रतिशत गिरकर 2,91,925 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, इस दौरान यह अपने निचले सर्किट स्तर को भी छू गई थी।

दो कारोबारी सत्रों में, चांदी 1,34,241 रुपये, या 33.6 प्रतिशत गिर गई है, जबकि साप्ताहिक आधार पर, धातु 23 जनवरी को दर्ज 3,34,699 रुपये प्रति किलोग्राम से 69,047 रुपये, या लगभग 21 प्रतिशत गिर गई है।

सोने के वायदा भाव में भी रविवार को भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, जिसमें अप्रैल डिलिवरी वाला अनुबंध शुरुआती कारोबार में नौ प्रतिशत गिरकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जिससे एमसीएक्स पर निचला सर्किट स्तर लग गया।

बाद में, इसने अपने कुछ नुकसान की भरपाई की और तीन प्रतिशत या 4,241 रुपये की गिरावट के साथ 1,48,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। शुक्रवार को, सोना 31,617 रुपये, या 17.2 प्रतिशत गिरकर 1,52,345 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था, जबकि बृहस्पतिवार को यह 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के ईबीजी – कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च के उपाध्यक्ष, प्रणव मेर ने कहा, ‘अत्यधिक गति से कीमतों का टूटना होता है और हमने सर्राफा कीमतों में होते देखा।’

उन्होंने कहा, ‘घरेलू बाजार में, रविवार को हुई भारी बिकवाली के बीच सोना अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर से 20 प्रतिशत नीचे है और चांदी अपने उच्चतम स्तर लगभग 37 प्रतिशत नीचे है।’’

रविवार को छुट्टी के कारण वैश्विक वायदा बाजार बंद रहे। हालांकि, शुक्रवार को, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी के वायदा भाव में गिरावट घरेलू बाजारों की तुलना में ज़्यादा गंभीर थी।

कॉमेक्स में अप्रैल माह में डिलिवरी वाले सोना अनुबंध की कीमत बृहस्पतिवार को 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंचने के बाद 612 डॉलर या 11.39 प्रतिशत टूटकर 4,763.10 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।

कॉमेक्स में मार्च डिलिवरी वाले चांदी वायदा अनुबंध बृहस्पतिवार को 121.78 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्चतम स्तर तक पहुंचने के बाद शुक्रवार को 35.89 डॉलर या 31.37 प्रतिशत टूटकर 78.53 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के इस संकेत के बाद कि जल्द ही ब्याज दर में कटौती की संभावना नहीं है, मजबूत डॉलर का असर सर्राफा कीमतों पर पड़ा।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व फेडरल गवर्नर केविन वार्श को अगला फेड चेयरमैन के लिए नामित किया।

मेर ने सोने और चांदी के परिदृश्य के बारे में कहा, ‘अगले कुछ कारोबारी सत्रों में हम और ज़्यादा तकनीकी सुधार यानी गिरावट देख सकते हैं, जिसके बाद कीमतों में कुछ सुधार हो सकती है और वे स्थिर हो सकती हैं।’