सिंगापुर: 13 जनवरी (ए)
) सिंगापुर की एक अदालत ने मंगलवार को ‘शुगर डैडी’ बनकर तीन महिलाओं को झांसा देने और उनसे यौन संबंध बनाने के जुर्म पर भारतीय मूल के एक मलेशियाई व्यक्ति को 12 साल जेल और 15 कोड़े मारने की सजा सुनाई। मीडिया की एक खबर से यह जानकारी मिली।‘स्ट्रेट्स टाइम्स’ अखबार के अनुसार, 38 वर्षीय राजवंत सिंह गिल नरजन सिंह पर 13 अन्य कथित पीड़ितों से जुड़े मामले लंबित हैं, जिन पर बाद में विचार किया जाएगा।
सिंह विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं, लेकिन उसने तीनों महिलाओं (दस्तावेज में पीड़ित गवाह संख्या एक, पीड़ित गवाह संख्या दो और पीड़ित गवाह संख्या तीन के रूप में दर्ज) को यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
वह अक्सर ऑनलाइन अलग-अलग पहचान अपनाया करता था और अक्सर खुद को धनी गोरे पुरुष के रूप में पेश करता था।
सिंह पर वर्ष 2020 में आरोप लगाए गए थे और मंगलवार को उसे 12 साल जेल और 15 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई।
उप लोक अभियोजक बिन ने सिंह के अपराधों को घृणित, क्रूर और दुर्भावनापूर्ण बताया और कहा कि उसे गिरफ्तार करने के लिए सिंगापुर पुलिस बल और रॉयल मलेशियाई पुलिस बल के बीच एक संयुक्त गुप्त अभियान की आवश्यकता है।
वर्ष 2025 में सिंह को 52 वर्षीय महिला (पीड़ित गवाह तीन) से जुड़े धोखाधड़ी के दो मामलों में दोषी पाए जाने पर साढ़े चार साल जेल की सजा सुनाई गई और 7,000 सिंगापुर डॉलर (लगभग 5,437 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना देने का आदेश दिया गया।
वह मई 2019 की शुरुआत में एक डेटिंग मंच पर इस महिला के संपर्क में आया था। सिंह ने खुद को ‘माइकल नोलन’ के रूप में पेश किया, जो मलेशिया में एक शानदार और महंगी नौका रखने वाला एक अमीर अमेरिकी व्यापारी था। इसने महिला (गवाह तीन) को अपनी ‘प्रेमिका’ बनने के लिए प्रति माह 20,000 अमेरिकी डॉलर (26,000 सिंगापुर डॉलर) देने का वादा किया।
खबर के अनुसार, उसने महिला के साथ यौन संबंध बनाए और अश्लील वीडियो भेजे, लेकिन महिला को कभी भुगतान नहीं किया। उसने अन्य दोनों महिलाओं (31 वर्षीय गवाह संख्या एक और 32 वर्षीय गवाह संख्या दो) को भी खुद को अमीर व्यक्ति के रूप में पेश करके समान तरीके से ठगा और यौन संबंध बनाने के बदले उन्हें भुगतान करने का वादा किया।