हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू,मुकेश अग्निहोत्री बनेंगे डिप्टी सीएम

राष्ट्रीय
Spread the love


शिमला,10 दिसम्बर (ए)। भारी उठापटक के बाद अंततः कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे और मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम की जिम्मदारी मिली है। इस आशय की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजे होगा। शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में दोनों पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला मौजूद थे।. इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाने का निर्णय लिया गया। बता दें कि राज्य में पहली  बार डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, ‘मुझे कोई जानकारी नहीं है। अभी कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, 5 बजे बैठक होगी। आलाकमान ने क्या तय किया है मुझे उसकी जानकारी नहीं है।’ वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह, कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू और अन्य पार्टी नेताओं ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले एक-दूसरे से बातचीत की। 
बता दें कि हिमाचल में सीएम पद को लेकर शुक्रवार रात को नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पास किया गया, जिसमें सीएम चुनने के लिए कांग्रेस आलाकमान को अधिकृत किया गया। हालांकि, इसके बाद शनिवार को भी मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी रही, लेकिन अब सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तय हो गया है।