वाशिंगटन: सात अप्रैल (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को चेतावनी दी कि ‘‘आज रात एक पूरी सभ्यता का अंत हो सकता है’’, लेकिन वाशिंगटन में रात 8 बजे की समय सीमा से पहले ईरान के पास आत्मसमर्पण करने का मौका है।
अमेरिकी नेता ने मंगलवार को यह सख्त चेतावनी जारी की, जो ईरान के लिए दी गई समय-सीमा से लगभग 12 घंटे पहले आई है। इस समय-सीमा के तहत ईरान को ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को फिर से खोलने सहित एक समझौते पर सहमत होने को कहा गया है, अन्यथा उसे दंडात्मक हमलों का सामना करना पड़ेगा।
ट्रंप ने पहले भी ईरान को ‘स्टोन एज’ में वापस भेजने की धमकी दी थी, जिसका ईरानी पक्ष ने कड़ा विरोध किया है। ईरान ने इसे अपनी 7000-8000 वर्ष पुरानी सभ्यता पर हमला बताते हुए अमेरिका को गलतफहमी न करने की चेतावनी दी है।ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूरी सभ्यता आज रात मर जाएगी, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आज रात हमें पता चल जाएगा, जो विश्व के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक होगा।हालांकि, ट्रंप के बयान में समाधान की गुंजाइश अब भी रखी गई है और उन्होंने कहा कि ‘‘शायद कुछ क्रांतिकारी और अद्भुत बात हो सकती है।’’
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने बताया कि ईरान ने समझौते के बारे में पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना जवाब दे दिया है।
काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने सोमवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, “हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे। हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।”
फरदौसी पोर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन हेतु एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं।
ईरान द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पहले इजराइल ने सोमवार को ईरान के विशाल ‘साउथ पार्स’ प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया। इजराइली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई।
इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने इसे ‘‘ईरान के सबसे बड़े पेट्रो-रसायन प्रतिष्ठान पर एक भीषण हमला’’ बताया।
इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है।
इजराइल के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ने के बीच ईरान को ‘‘कोई छूट नहीं’’ मिलेगी।
साउथ पार्स गैस क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है।
मार्च में साउथ पार्स पर इजराइल के हमले के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इज़राइल दोबारा उस पर हमला नहीं करेगा; लेकिन उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और इस पूरे क्षेत्र को ‘‘पूरी तरह से तबाह’’ कर देगा।
इजराइल और अमेरिका ने सोमवार को ईरान पर कई बड़े हमले किए, जिनमें 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं। होर्मुज जलडमरुमध्य खोलने के लिए ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा नजदीक आने के बीच मध्यस्थों ने युद्धविराम का नया प्रस्ताव पेश किया है।
तेहरान में धमाकों की गूंज सुनाई दी, और राजधानी पर लगातार हमले होते रहने के कारण घंटों तक नीचे उड़ते जेट विमानों की आवाज़ आती रही। एक हवाई हमले में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर को निशाना बनाए जाने के बाद शहर के आज़ादी चौक के पास से घना धुआँ उठता दिखाई दिया।
ईरानी सरकारी मीडिया और इजराइल के रक्षा मंत्री के अनुसार, तेहरान पर हुए हमलों में मारे गए लोगों में ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी भी शामिल हैं।
इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने ईरानी अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की खुफिया इकाई ‘कुद्स फोर्स’ के प्रमुख असगर बाकेरी को भी मार गिराया है।
वहीं, ईरानी मिसाइलों ने उत्तरी इजराइल के शहर हाइफा को निशाना बनाया, जहां एक रिहायशी इमारत के मलबे से चार लोगों के शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में इस्लामशहर के पास हुए हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई। वहीं कोम के एक रिहायशी इलाके पर हुए हमले में पांच लोग मारे गए, जबकि अन्य शहरों में हुए हमलों में छह और लोगों की मौत हुई।
इसके अलावा, तेहरान में एक घर पर हुए हवाई हमले में तीन और लोगों की मौत हो गई। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने इसकी पुष्टि की।