दो लड़कियों के साथ सामूहिक बलात्कार, चार नाबालिग समेत आठ पकड़े गए

गिरिडीह झारखण्ड
Spread the love

गिरिडीह: पांच फरवरी (ए)) झारखंड के गिरिडीह जिले में दो आदिवासी लड़कियों के साथ बलात्कार करने के आरोप में चार नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना के समय इस्तेमाल किए गए सात मोबाइल फोन और साक्ष्य के रूप में उनके कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 25 जनवरी की रात को खुखरा पुलिस थाना क्षेत्र में घटी, जब दोनों लड़की ‘जात्रा’ देखने के बाद घर लौट रही थीं। हरलाडीह चौकी के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि इस दौरान छह-सात अज्ञात लोगों ने लड़कियों को अगवा किया और उन्हें पास के एक खेत में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि पीड़िताओं की माताओं के बयानों के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने तत्काल डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से एफएसएल की टीम और श्वान दस्ता (डॉग स्क्वाड) को मौके पर बुलाया गया।

तकनीकी शाखा ने मोबाइल लोकेशन और टावर डंप के जरिए संदिग्धों की पहचान की। पुलिस की इस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद राजेश मुर्मू (26), रविलाल टुडू (23), संजय टुडू (21) और सोहन टुडू (23) को दबोच लिया। ये सभी आरोपी गिरिडीह के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।गिरफ्तार किए गए चार वयस्कों के अलावा चार अन्य किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया।