उप्र: नाबालिग को गहनों के बदले मोमो खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश फरार

उत्तर प्रदेश देवरिया
Spread the love

देवरिया: दो फरवरी (ए)) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में तीन युवकों ने एक नाबालिग को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर मोमो खिलाने के बदले उससे 85 लाख रुपये मूल्य के जेवरात ले लिये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रामपुर कारखाना थाने में नाबालिग के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई और एक युवक व एक महिला को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुछ गहने बरामद कर लिये गये।

पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी अब भी फरार है और उसे पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।

वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी शिकायतकर्ता विमलेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि देवरिया-कसया मार्ग के डुमरी चौराहा पर मोमो का ठेला लगाने वाले तीन युवक उनके परिवार के गहने लेकर फरार हो गए।

मामला तब सामने आया जब नाबालिग की बहन ने अपने गहने मांगे और अलमारी खोलने पर देखा कि सभी गहने गायब थे।

जब सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग से पूछा गया तो उसने मोमो के बदले युवकों को गहने देने की बात स्वीकार की।

थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हालांकि एक आरोपी अब भी फरार है।

उन्होंने हालांकि आरोपियों के नाम बताने से इनकार कर दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील रेड्डी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि पुलिस टीमें बाकी बचे आरोपी का पता लगाने और बाकी गहने बरामद करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

उन्होंने बताया, “पुलिस सभी जरूरी कदम उठा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”