उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के लुकसर गांव में मंगलवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक घर के बाहर खड़ा था, तभी गांव के ही कुछ युवकों ने उसे गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नितिन पुत्र फिरे सिंह निवासी ग्राम लुकसर के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि नितिन मंगलवार दोपहर अपने घर के बाहर खड़ा था. तभी गांव का युवक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि तीनों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही नितिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन और ग्रामीणों ने फौरन नितिन को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में महिलाएं और बुजुर्ग रोते हुए टूट पड़े। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।वारदात की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावर हथियारों के साथ आते और गोलियां चलाकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।शुरुआती जांच में पता चला है कि इस घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि मृतक कुछ वक्त पहले किसी मामले में जेल गया था. जेल से छूटने के बाद दूसरे पक्ष ने बदला लेने की योजना बनाई थी. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से दुश्मनी चल रही थी, जो अब हत्या तक पहुंच गई.
अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।