भाजपा ने ओडिशा के मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को बंगाल में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी

राष्ट्रीय
Spread the love

भुवनेश्वर: 31 जनवरी (ए)) पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की ओडिशा इकाई ने पड़ोसी राज्य के छह दक्षिणी जिलों में प्रचार करने के लिए रूपरेखा तैयार की है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

ओडिशा भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सुरथ बिस्वाल ने कहा कि पार्टी ने पहले ही बालासोर, भद्रक, मयूरभंज और क्योंझर जिलों के नेताओं के नाम तय कर लिए हैं, जो बंगाल चुनावों में उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रपाड़ा और जाजपुर जिलों के विधायक, सांसद और पंचायत स्तर के नेता भी इस प्रचार अभियान में भाग लेंगे।

मयूरभंज जिले के उदला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक भास्कर मडेही ने कहा, ‘‘मुझे पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के गोपीबाल्लवपुर इलाके में प्रचार करने का कार्य दिया गया है, जो ओडिशा व झारखंड की सीमा के पास सुवर्णरेखा नदी के किनारे स्थित है। उस क्षेत्र में मेरे दोस्त और रिश्तेदार रहते हैं।”

भास्कर मडेही ने कहा कि वह जल्द ही गोपीबाल्लवपुर का दौरा करके वहां कुछ दिन पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

सुरथ बिस्वाल ने कहा कि शुक्रवार को राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री व भद्रक जिले के विधायक सुर्यबंशी सूरज, विधायक संतोष खतुआ और जाजपुर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम राय की एक टीम कोलकाता में एक बैठक में शामिल हुई।

एक विधायक ने कहा, “पश्चिम बंगाल चुनावों में प्रचार के लिए चुने गए मंत्री, विधायक और सांसद बांग्ला भाषा में निपुण हैं और उनके रिश्तेदार कोलकाता तथा पश्चिम बंगाल के अन्य शहरों में काम करते हैं।”

भाजपा सूत्रों ने बताया कि ओडिशा के नेता मुख्य रूप से कोलकाता, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पूर्व व पश्चिम मिदनापुर जिलों में प्रचार करेंगे। इसके लिए 20 से अधिक विधायक चुने गए हैं।