भागलपुर, 24 दिसम्बर एएनएस। बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर इलाके से एक नाबालिग लड़की की प्रेम कहानी सामने आई है जिसमें उसकी शादी परिजनों ने दूसरे लड़के से जब कर दिया तो लड़की उसके बाद गुरुवार को अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और फिर प्रेमी युगल ने मिलकर हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया। इस दौरान दोनों ने आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि दोनों के नाबालिग रहने के कारण पुलिस ने बॉन्ड भरवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कहलगांव की रहने वाली नौवीं की छात्रा को कोरोना काल में पड़ोस में ननिहाल से आए नाथनगर के एक युवक से प्रेम हो गया। दोनों नाबालिग की प्रेम कहानी परिवारवालों को पता चली तो लड़की के परिवारवालों ने बेटी की शादी 14 दिसंबर को मुंगेर में कर दी। विदाई के तीसरे दिन ही लड़की ससुराल से भागकर मायके कहलगांव पहुंच गई। जहां परिवारवालों को उसने पति के साथ नहीं रहने की बात कही। रजामंदी से लड़केवालों को लड़की से अलग करा दिया गया।
इस बीच लड़की चोरी-छिपे नाथनगर के अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात करने लगी। गुरुवार को वह लड़की युवक के घर नाथनगर पहुंच गई। लड़की ने लड़के के घरवालों से प्रेमी के साथ रहने देने के लिए काफी विनती की, लेकिन लड़केवाले ने लड़की को घर पर रहने नहीं दिया और अपने घर लौट जाने को कह दिया। लड़की अचानक लड़के के कमरे में चली गई और खुद को लड़के के साथ अंदर बंद कर लिया। गेट के अंदर से दोनों प्रेमी युगल जोड़े अपने परिजनों को लगातार आत्महत्या कर लेने की धमकी देते रहे। एक रस्सी को दोनों ने गले में बांधने का कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला पुलिस बल के साथ नाथनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गेट खुलवाया। इसके बाद दोनों प्रेमी युगल को पुलिस अपने साथ लेकर थाना आई। जहां दोनों के परिवारवालों से बॉन्ड भरवाया गया। बॉन्ड में लड़की के बालिग होने पर मर्जी से शादी करने की बात को लिखवाया गया। दोनों के परिजनों ने सहमति जताई और बॉन्ड भरा। नाथनगर इंस्पेक्टर मो सज्जाद हुसैन ने बताया कि लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। लड़का-लड़की दोनों नाबालिग है, इसलिए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है।