अर्द्ध-स्वचालित राइफल और 200 कारतूस बरामद

झारखण्ड पलामू
Spread the love

पलामू: 11 नवंबर (ए) झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार किए गए एक माओवादी कमांडर से मिली जानकारी के आधार पर पलामू जिले में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक अर्द्ध-स्वचालित राइफल और करीब 200 कारतूस बरामद किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जिले के देवगांव गांव के निवासी संजय यादव (45) उर्फ गोडराम को हाल में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने डोंबिवली से गिरफ्तार किया था। बाद में उसे आगे की जांच के लिए पलामू पुलिस को सौंप दिया गया। उसकी गिरफ्तारी पर 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अधिकारी ने बताया कि यादव को दो दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद मंगलवार को हथियार और कारतूस बरामद किए गए।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया, ‘‘यादव से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मंगलवार को महुआडांड़ के जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक एसएलआर राइफल और 200 कारतूस बरामद किए गए।’’

अधिकारी के मुताबिक, यादव के खिलाफ झारखंड और बिहार में कम से कम 63 आपराधिक मामले लंबित हैं। वह प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की जोनल कमेटी का सदस्य था।