गढ़वा: पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

गढ़वा झारखण्ड
Spread the love

गढ़वा,28 दिसम्बर एएनएस ।गांव-गांव पुलिस पहुंचकर ग्रामीणों को जागरूक कर रही है। जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामपंचायत- चटनिया में स्थित मध्य विद्यालय के प्रांगण में सोमवार को पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुख्य रूप से पुलिस इंस्पेक्टर- अशोक कुमार सिंह व कांडी थाना प्रभारी- नीतीश कुमार उपस्थित हुए, जहां सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष व छात्र-छात्रा भी शामिल थे। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर- अशोक कुमार सिंह ने कहा कि महिला उत्पीड़न, लड़कियो से छेड़खानी, डायन-भूत, ओझा-गुणी, साईबर क्राइम की विरोध में आप सभी सजग रहें। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने बच्चों को निर्भिक व निडर बनाएं। यदि आपके घर की महिलाओं व लड़कियों को कोई भी पुरूष रास्ते में, बाजार में या कहीं भी छेडख़ानी या कॉमेंट करे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए चौबीस घंटे तैयार है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं व छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या को अपने माता-पिता या अपने परिवार के अन्य सदस्यों को अवश्य बताएं। घर में बीमार हुए व्यक्ति को ओझा गुनी के पास नहीं ले जाएं, बल्कि चिकित्सक से ईलाज कराएं। किसी भी महिला को डायन ओझा न कहें। डायन व ओझा कहना भी कानूनी तौर पर अपराध है। किन्हीं को डायन व ओझा कहने के कारण कई बार मार-पीट की नौबत भी आ जाती है। जबकि कांडी थाना प्रभारी- नीतीश कुमार ने कहा कि यदि आपके घर के आस-पास किसी भी प्रकार का कोई नशा करता है तो उसे नशा करने से रोकें, क्योंकि अपराध, मारपीट व घरेलू हिंसा का मुख्य कारण नशा ही है। आपके आस पड़ोस में अवैध शराब की बिक्री या अन्य किसी भी प्रकार का अवैध धंधा हो रहा हो तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देनेवाले का नाम गुप्त रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी अवैध कार्य को बढ़ावा न दें। अपने बच्चे-बच्चियों पर निगरानी रखें कि वे मोबाइल से क्या कर रहे हैं। साथ ही पुलिस ने वाहन दुर्घटना से संबंधित बातों पर भी चर्चा की। मौके पर- एसआई- सुमन कुमार शर्मा, मुखिया- रामजी यादव, पंचायत स्वयं सेवक- सत्येंद्र राम, वार्ड सदस्य- राजनाथ यादव, श्रवण साह, राजेश रजवार, राजेन्द्र उरांव, बिफनी कुवँर, विनोद चौधरी, राजनाथ शर्मा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।