भुवनेश्वर: चार अगस्त (ए) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार से ओडिशा में बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। जबकि कई जिलों के गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कई नदियों का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों के अनेक गांवों से बाढ़ का पानी अब तक नहीं उतरा है। इसके कारण बड़ी संख्या में लोग अभी भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जाजपुर जिले के दशरथपुर, भद्रक जिले के बसुदेवपुर तथा जगतसिंहपुर जिले के कुजंग और तिरतोल क्षेत्रों के लोग अब तक अपने गांवों में नहीं लौट सके हैं, क्योंकि वहां जाने वाली सड़कें अभी भी बाढ़ के पानी में डूबी हुई हैं।
आईएमडी ने बताया कि बारिश का दौर पांच अगस्त से शुरू होकर 10 अगस्त तक जारी रह सकता है।
बुधवार को मयूरभंज में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि छह अगस्त को मयूरभंज और क्योंझर के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने विभागों को बाढ़ से क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत और प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हालिया बाढ़ से राज्य के 22 जिलों में 8,63,909 लोग प्रभावित हुए हैं और 1,458 गांव इसकी चपेट में आए हैं। बाढ़ में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि 3,567 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। हीराकुंड बांध से फिलहाल 13 गेटों के जरिए पानी छोड़ा जा रहा है।
