प्रयागराज: 15 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार शाम अज्ञात हमलावरों ने पूर्व ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि घटना हंडिया थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई, जहां पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव (50) मंगलवार शाम किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी।
अधिकारी ने बताया कि पीठ में गोली लगने से पवन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायल पवन यादव को स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी के अनुसार, यादव समाजवादी पार्टी के जिला सचिव भी थे।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
