उप्र में युवती से छेड़छाड़ के आरोप में चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी

उत्तर प्रदेश सहारनपुर
Spread the love

सहारनपुर: पांच अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने एक युवती का शील भंग करने और उसके साथ छेड़छाड़ के आरोप में चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दूसरे समुदाय से आने वाले मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर युवती को अपना नाम ‘आर्यन’ बताकर उससे दोस्ती की और बाद में अपनी असलियत उजागर की। देवबंद थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संदीप बालियान ने ‘ बताया कि बिजनौर जिले के नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब चार माह पहले सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के जरिए उसकी एक युवक से दोस्ती हुई थी।

युवक ने अपना नाम ‘आर्यन’ बताया था। बाद में युवक से युवती और उसकी भाभी की भी बातचीत होने लगी।

उन्होंने बताया कि युवक ने युवती को देवबंद बुलाया। वहां पहुंचने पर युवती को पता चला कि उसका असली नाम अमजद है। अमजद गद्दीवाड़ा का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया कि देवबंद में अमजद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक मकान में ले गया। वहां उसकी असलियत पता चलने के बाद जब युवती ने वापस जाने की बात कही तो उसने उसे कथित तौर पर कई तरह के प्रलोभन दिए। इसी दौरान तीन अन्य युवक इरशाद, शोएब और यूनुस भी वहां पहुंच गए।

एसएचओ ने तहरीर के हवाले से बताया कि इसके बाद चारों युवकों ने युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने किसी तरह अपना बचाव किया और वहां से भागकर देवबंद थाने पहुंची।

बालियान ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ स्त्री की मर्यादा भंग करने और छेड़छाड़ के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।