नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, माथे पर सिंदूर लगाने के आरोप में छह नाबालिगों पर पॉक्सो मामला

बांका बिहार
Spread the love

बांका: पांच अक्टूबर (ए) बिहार के बांका जिले में विद्यालय से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने और उसके माथे पर जबरन सिंदूर लगाने के आरोप में छह लड़कों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार को जिले के रजौन थाना क्षेत्र में हुई। रजौन थाने के प्रभारी अधिकारी अभय शंकर ने बताया, ‘‘एक नाबालिग लड़की विद्यालय से साइकिल से घर लौट रही थी, तभी छह किशोरों ने कथित तौर पर उसकी साइकिल रोक ली और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उनमें से एक ने कथित तौर पर उसके माथे पर सिंदूर लगा दिया।’’

उन्होंने बताया कि लड़की ने शोर मचाया, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

शंकर ने कहा, ‘‘लड़की रोते हुए घर पहुंची और उसने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां ने रजौन थाने में लिखित शिकायत दी। छह आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लड़की और आरोपियों के बीच पहले से किसी तरह की जान-पहचान या विवाद की बात सामने नहीं आई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।