ओमान के निकट पोत पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद से राजस्थान का युवक लापता

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: चार मार्च (ए)) अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच ओमान के पास एक तेलवाहक पोत पर हुए हमले के बाद, उस पर सवार राजस्थान के नागौर जिले का एक युवक लापता बताया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक मार्च को जब पोत कसाब बंदरगाह पर रुका हुआ था तब एक ईरानी मिसाइल ने उसे निशाना बनाया जिससे जहाज को गंभीर नुकसान पहुंचा।

पोत के चालक दल के सदस्य दिलीप सिंह लापता हैं। सिंह नागौर जिले के खिनवताना गांव के निवासी हैं और उन्होंने 22 जनवरी से ड्यूटी शुरू की थी। वह स्काईलाइट कंपनी द्वारा संचालित पोत पर चालक दल के सदस्य के रूप में तैनात थे। हमले के समय, दलीप जहाज के आगे के हिस्से में थे और उनके साथ एक अन्य चालक दल सदस्य, बिहार निवासी आशीष कुमार मौजूद थे।

दलीप के भाई देवेंद्र सिंह ने बताया कि कुमार का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन वह (दलीप) अभी भी लापता हैं।

देवेंद्र ने कहा कि कंपनी ने उन्हें बताया था कि हमले के दौरान चालक दल के ज्यादातर सदस्यों को सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया।

देवेंद्र ने बताया कि दलीप ने आखिरी बार 28 फरवरी को परिवार से बात की थी।

इसके अलावा, नागौर जिले के एक और व्यक्ति सुनील कुमार भी उसी पोत पर थे। दलीप ने बताया था कि उन्होंने अपनी ड्यूटी, सुनील के शिफ्ट पूरी करने के बाद संभाली थी।