कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देहरादून में किया प्रदर्शन

राष्ट्रीय
Spread the love

देहरादून: 25 सितंबर (ए) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार सहित सभी निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाने और उनके द्वारा पूर्व में लिए गए फैसलों को निरस्त करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में प्रदर्शन किया और ‘सचिवालय घेराव’ किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीईसी का पुतला भी फूंका।

कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा तथा अन्य नेताओं और विधायकों की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और राज्य सचिवालय की ओर कूच किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला भी फूंका।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता पहले प्रदेश मुख्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद वे नारेबाजी करते हुए सचिवालय की ओर मार्च करने लगे।

पुलिस ने हालांकि अवरोधक लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचिवालय से पहले ही रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने देहरादून सदर के उपजिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ज्ञानेश कुमार और दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाने, उन्हें गिरफ्तार करने तथा उनके द्वारा पूर्व में लिए गए फैसलों को निरस्त करने की मांग की गई है।

गोदियाल ने कहा कि पार्टी की मांग है कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त किया जाए और 13 करोड़ मतदाताओं के मतों को खारिज करने का ‘‘षड्यंत्र’’ करने के आरोप में उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए।