मुजफ्फरपुर: 17 अगस्त (ए) बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में स्थित प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे एक कांवड़िये की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान गोलू कुमार (25) के रूप में हुई है। वह करीब 60 कांवड़ियों के एक समूह का हिस्सा था।बाइक सवार दो अपराधियों ने पारू थाना क्षेत्र के गोसाई टोला के पास इस घटना को अंजाम दिया और आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल गोलू को तत्काल सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी अभियान चला रही है।
