किसानों के सामने झुकी सरकार, दिल्ली के बुराड़ी में प्रदर्शन की मिली इजाजत

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली,27 नवंबर एएनएस। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे पंजाब और हरियाणा के किसानों और पुलिस के बीच शुक्रवार सुबह से सिंघु बॉर्डर पर संघर्ष के बीच पुलिस ने किसानों को बुराडी मे धरना सभा करने की इजाजत दे दी। इसके पहले तनाव के बीच दोपहर दो बजे के लगभग स्थिति ज्यादा बिगड़ गई और पुलिस ने करीब 40 राउंड आंसू गैस के गोले दागे। किसानों के उग्र रूप के बीच किसान संगठन और दिल्ली पुलिस लगातार धरनास्थल को लेकर बात कर रहे थे जिसके बाद यह निश्चय हुआ कि किसानों को दिल्ली के बुराड़ी स्थित निरंकारी समागम में प्रदर्शन करने इजाजत दी जाएगी।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अधिकारिक तौर पर यह एलान कर दिया है कि किसानों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्हें निरंकारी समागम स्थल बुराड़ी तक आने की इजाजत है। उन्हें यही प्रदर्शन करना होगा। हालांकि पुलिस ने ये भी कहा है कि किसानों को इसके लिए संयम बरतना होगा और शांतिपूर्ण ढंग से पुलिस के साथ चलना होगा।

अब पुलिस किसानों को लेकर दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली मेट्रो ने एहतियात के तौर पर छह मेट्रो स्टेशनों से निकासी और प्रवेश की सुविधा बंद कर दी है।