आगरा, 26 नवम्बर एएनएस। किसान बिल के विरोध में दिल्ली में 26 और 27 नवंबर को आयोजित धरने में शामिल होने जा रहीं मेधा पाटकर को बुधवार की रात प्रशासन ने आगरा में सैंया सीमा पर जाजऊ और बरैठा के बीच रोक लिया। उनके साथ लगभग दो सौ किसानों का जत्था भी है। रोकने के विरोध में मेधा सभी किसानों के साथ वहीं पर धरने पर बैठ गईं। एसपी ग्रामीण पहुंचकर मान मनौवल किये।
गौरतलब है कि ऑल इंडिया किसान समन्वय संघर्ष समिति के आह्वान पर देशभर के किसानों का अलग-अलग राज्यों से होते हुए आज गुरुवार को दिल्ली पहुंचना है। वहां जंतर मंतर पर दो दिन का धरना है। कर्नाटक से एक जत्था बुधवार को गुना, मध्य प्रदेश पहुंचा। वहां से ग्वालियर पहुंचने पर मेधा पाटकर भी जत्थे में शामिल हो गईं। रात करीब आठ बजे उनका काफिला आगरा की सैंया सीमा पर पहुंचा। पता चलते ही पुलिस ने उन्हें वहीं रोक लिया। जत्थे में शामिल किसान नेताओं ने जाने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। इस पर सभी किसान नेताओं के साथ मेधा वहीं धरने पर बैठ गईं।
