कृषि कानूनों के खिलाफ अब यूपी में घमासान,किसान यात्रा निकालने पर अड़े सपाइयों पर कन्नौज में लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 07 दिसम्बर एएनएस। किसान बिल के खिलाफ दिल्ली में किसानों के जारी विरोध के बीच यूपी में इसके समर्थन में समाजवादी पार्टी आज प्रदेश भर में किसान यात्राओं का आयोजन कर रही है। इस दौरान कन्नौज में पदयात्रा निकालने पर अड़े सपा कार्य कर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है वही प्रदेशभर में सपा कुछ नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया गया है, कई पूर्व विधायकों को हिरासत में ले लिया गया है। वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, गोरखपुर, मेरठ सहित कई जिलों में सपा नेताओं के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। सोमवार को कन्नौज में किसान यात्रा निकालने की जिद पर अड़ेे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। यहां भी कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया है। इस बीच कई जिलों में घमासान जारी है।

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज में किसान यात्रा में शामिल होने के लिए लखनऊ से निकले हालांकि, पुलिस ने उनकी फ्लीट को रोक लिया। इसके बाद अखिलेश यादव पैदल ही आगे बढ़ गए। कुछ दूर आगे चलने के बाद वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि भाजपा ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी लेकिन अब कृषि कानून लाकर उन्हें कमजोर कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि हम कन्नौज जा रहे हैं। अगर हमें जेल भेजा जाएगा तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। अखिलेश यादव को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि हम किसानों को जागरुक करते रहेंगे।
इसके पहले सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के सामने प्रदर्शन के लिए पहुंचे तो पुलिस ने उन पर हल्का बल प्रयोग कर दिया।