गुजरात के जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड बनाएगी दुनिया का सबसे बड़ा चिड़ियाघर

राष्ट्रीय
Spread the love


जामनगर,(गुजरात), 20 दिसम्बर (ए)। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड गुजरात के जामनगर में एक चिड़ियाघर का निर्माण करेगी। दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चिड़ियाघर होगा। कंपनी के एक उच्च अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस चिड़ियाघर में भारत और दुनियाभर के जानवरों, पक्षियों और सांपों की अलग-अलग प्रजातियां होंगी।
दुनिया के सबसे बड़े चिड़ियाघर का निर्माण मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अबानी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसे लगभग 280 एकड़ भूमि पर बनेगा जो जामनगर में मोती खावडी स्थित कंपनी के रिफाइनरी प्रोजेक्ट के पास है। खास बात यह है कि रिलायंस का रिफाइनिंग प्रोजेक्ट भी दुनिया का सबसे बड़ा कॉम्पलेक्स है।
रिपोर्ट के अनुसार यदि सबकुछ ठीक रहा तो चिड़ियाघर अगले साल आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि कोरोना वायरस महामारी के कारण परियोजना को पहले ही काफी देर हो चुकी है। आरआईएल के निदेशक (कॉरपोरेट मामले) परिमल नथवाणी ने बताया कि नए चिड़ियाघर को ग्रीन्स जूलॉजिकल, रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन किंगडम के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार से पहले ही संबंधित मंजूरी ले ली गई है। 
आरआईएल द्वारा बनाए जा रहे इस चिड़ियाघर में कई तरह के सेक्शन होंगे। इसमें फॉरेस्ट ऑफ इंडिया, फ्रॉग हाउस, इंसेक्ट लाइफ, ड्रैगन लैंड और वाइल्ड ट्रेल ऑफ गुजरात आदि सेक्शन होंगे। यह जानकारी केंद्रीय चिड़ियाघर की वेबसाइट पर मिली है। इसमें बार्किंग हिरण, दुर्लभ पतले बंदर, आलसी भालू, मछलियों का शिकार करने वाली बिल्लियां, कोमोडो ड्रैगन, भारतीय भेड़ें और अन्य जानवरों की प्रजातियां होंगी।
इसके अलावा चिड़ियाघर में 12 शतुरमुर्ग, 20 जिराफ, 18 अफ्रीकी नेवले, 10 मगरमच्छ की प्रजाति, सात चीते, अफ्रीकी हाथी और नौ ग्रेट इंडियन बस्टर्ड होंगे। इसी तरह फ्रॉग हाउस में पानी और जमीन पर रहने वाले 200 जीव, अलग-अलग तरह की 300 मछलियां होंगी।