छत्तीसगढ़ चुनाव: नौ मंत्री मतगणना में पीछे

छत्तीसगढ़ रायपुर
Spread the love

रायपुर, तीन दिसंबर (ए) छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के अब तक आए रुझानों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है, तथा राज्य के नौ मंत्री अपनी सीट पर पीछे हैं।.

राज्य में बघेल मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 13 सदस्य हैं।चुनाव आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य में भाजपा 53 सीट पर तथा सत्ताधारी दल कांग्रेस 36 सीट पर आगे है। वहीं एक सीट पर अन्य आगे हैं। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 46 सीट पर जीत हासिल करनी होगी।चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के नौ मंत्री पीछे हैं। आंकड़ों के मुताबिक उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर सीट से भाजपा के राजेश अग्रवाल से 1623 मतों से पीछे हैं। वहीं अन्य मंत्रियों में आरंग से शिवकुमार डहरिया भाजपा के गुरु खुशवंत साहेब से 6077 मतों से, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भाजपा के ललित चंद्राकर से 4674 मतों से, सीतापुर से अमरजीत भगत भाजपा के रामकुमार टोप्पो से 3969 मतों से, कोरबा से जयसिंह अग्रवाल भाजपा के लखनलाल देवांगन से 9522 मतों से, साजा से रविंद्र चौबे भाजपा के ईश्वर साहू से 964 मतों से, कवर्धा से मोहम्मद अकबर भाजपा के विजय शर्मा से 12092 मतों से और कोंडागांव से मोहन मरकाम भाजपा की लता उसेंडी से 66 मतों से पीछे चल रहे हैं।चुनाव आयोग के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन विधानसभा सीट से भाजपा के विजय बघेल से 2470 मतों से आगे हैं। वहीं मंत्री उमेश पटेल खरसिया सीट से भाजपा के महेश साहू से 7384 मतों से, कोंटा से कवासी लखमा सीपीआई के मनीष कुंजाम से 504 मतों से तथा डौंडी लोहारा से अनिला भेड़िया भाजपा के देवलाल ठाकुर से 8083 मतों से आगे हैं।आंकड़ों के मुताबिक सक्ती सीट से विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत भाजपा के खिलावन साहू से 1919 मतों से तथा चित्रकोट से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भाजपा के विनायक गोयल से 5579 मतों से पीछे हैं।