छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश): 20 अगस्त (ए) छिंदवाड़ा जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक और अतिथि शिक्षिका के कथित प्रेम संबंधों को लेकर छात्रों की शिकायत के बाद दोनों को स्कूल से हटा दिया गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, मामला जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर जुन्नारदेव विकासखंड के बीच बहरी गांव स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ओ.पी. जोशी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच समिति गठित कर मामले की जांच कराई गई। जांच के आधार पर स्कूल के शिक्षक और अतिथि शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि उनके स्थान पर नए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मामला तब सामने आया, जब स्कूल के कुछ छात्र छिंदवाड़ा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई के दौरान दोनों शिक्षकों की शिकायत की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि दोनों उन्हें पढ़ाने के बजाय “जल्दी छुट्टी कर प्यार-मोहब्बत करते हैं।”
शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त सत्येंद्र सिंह मरकाम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित शिक्षक और शिक्षिका ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्हें बेवजह बदनाम किया जा रहा है और छात्रों ने किसी के बहकावे में आकर शिकायत की है।
शिक्षिका ने दावा किया कि स्कूल में किसी अन्य व्यक्ति ने भी अतिथि शिक्षक के पद के लिए आवेदन किया है और उसका नाम प्रतीक्षा सूची में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें हटाकर उस व्यक्ति की नियुक्ति कराने के उद्देश्य से यह पूरी कहानी गढ़ी गई और छात्रों को बहकाकर शिकायत कराई गई।
