जन्मदिन पर मुलायम सिंह ने कार्यकर्ताओं से बोले-आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटें सपाई

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 22 नवंबर एएनएस। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने आज कहा कि कार्यकर्ता  वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जोश से काम करें। उन्होंने अपना जन्मदिन मनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया और आशीर्वाद दिया। उन्होंने दीपपर्व की भी बधाई दी और कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए काम करें। मुलायम ने मुठ्ठी बांध कर कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया। अपने जन्मदिवस पर रविवार को सपा मुख्यालय आए मुलायम सिंह के स्वागत में भारी भीड़ जुटी। अस्वस्थता के कारण मुलायम बहुत कम ही बोले। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने  नेताजी को शाल ओढ़ाकर आशीर्वाद लिया। अखिलेश ने कहा कि नेताजी ने संघर्ष का तथा गांधी, लोहिया अम्बेडकर के सिद्धांतों का रास्ता दिखाया है, उसी से समाज में तरक्की खुशहाली आएगी। समाजवादी पार्टी उन्हीं के रास्ते पर चल रही है। हम सब उसके लिए कृतसंकल्प है। उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहे। उन्होंने कहा हमें समझदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी है। हम सभी कार्यकर्ता हैं। हमें एकजुटता से काम करना है। समाजवाद के सपनों को पूरा करना है।
सपा मुख्यालय में जन्मदिवस पर पण्डित द्वारा स्वस्ति वाचन के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुलायम सिंह यादव के दीर्घजीवन एवं स्वास्थ्य की शुभकामना की। तमाम लोग पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं अन्य उपहार लाए थे। ब्रास बैण्ड की टीम बधाई गीत बजा रही थी तो संपेरे बीन की धुन निकाल रहे थे। भांगडा के साथ ढोल भी बज रहे थे। अखिलेश ने  मुलायम सिंह का जन्मदिन मना रहे गाजीपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं से बात की।