ट्रंप ने भारत के राष्ट्रपति चुनाव का किया गलत उल्लेख, अमेरिकी चुनावी प्रक्रिया को बताया ‘भ्रष्ट’

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: पांच अक्टूबर (ए) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर देश की चुनाव प्रक्रिया को ‘‘भ्रष्ट’’ बताते हुए भारत का जिक्र किया, लेकिन ऐसा लगता है कि वह भारत और ब्राजील के चुनाव को लेकर भ्रमित हो गए। जिस चुनाव का वह जिक्र कर रहे थे, वह भारत का नहीं, बल्कि ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव था और भारत में उस समय कोई राष्ट्रपति चुनाव नहीं हुआ।ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि ‘‘भारत के राष्ट्रपति चुनाव में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद परिणाम आ गए।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका के शहरों और राज्यों में चुनावों की मतगणना में कई सप्ताह लगने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अमेरिका में मतदान भ्रष्ट है।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘आज भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया। मतदान समाप्त होने के कुछ ही समय बाद, उसी दिन परिणाम आ गए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘डेट्रॉयट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों और राज्यों में, इससे काफी कम संख्या में मतों के परिणामों की घोषणा में अक्सर कई सप्ताह लग जाते हैं – धांधली करने के लिए, मेरा मतलब है, मतों की गणना करने में। अमेरिका में मतदान भ्रष्ट है।’’

ट्रंप की पोस्ट में भारत का संदर्भ संभवतः ब्राजील के साथ हुए भ्रम का नतीजा था। ब्राजील में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर के लिए मतदान हुआ और देश के निर्वाचन प्राधिकरण के अनुसार, 12.527 करोड़ वैध मत दर्ज किए गए।

मतदान शाम पांच बजे समाप्त हुआ और उसी समय से परिणाम आने शुरू हो गए। मतपत्रों की गिनती के साथ परिणामों के बारे में लगातार जानकारी दी जाती रही।

ब्राजील के लोगों ने राष्ट्रपति चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो के बीच मुकाबले में मतदान किया। दोनों में से कोई भी पहले दौर में बहुमत हासिल नहीं कर सका, इसलिए 25 अक्टूबर को दूसरे दौर का चुनाव होगा।

वहीं, भारत में राष्ट्रपति पद के लिए अभी कोई चुनाव नहीं हुआ है। जुलाई 2022 में पदभार संभालने वाली द्रौपदी मुर्मू भारत की वर्तमान राष्ट्रपति हैं।

इसके अलावा, भारत में राष्ट्रपति का चुनाव जनता सीधे नहीं करती। राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। यह चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के माध्यम से होता है।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भारत में करीब 98 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे।

ट्रंप इससे पहले भी अमेरिका में चुनाव सुधारों की वकालत करते हुए भारतीय चुनावों, खासकर देश की मतदाता सत्यापन व्यवस्था का उल्लेख कर चुके हैं। अगस्त में ट्रंप ने कहा था कि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उनके प्रशासन के अधिकारियों से बात की थी और पूछा था कि वैध फोटो पहचान पत्र के बिना अमेरिका में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये टिप्पणियां ‘सेव अमेरिका एक्ट’ के समर्थन में की थीं। इस विधेयक के तहत मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए अमेरिकी नागरिकों को नागरिकता का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा, पूरे देश में मतदाता सत्यापन की अनिवार्यता लागू होगी और डाक के जरिए मतदान की व्यवस्था पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे।