ट्रंप ने मुश्किलों से घिरे इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फिर से चुने जाने के लिए समर्थन दिया

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वेस्ट पाम बीच (अमेरिका): 18 अक्टूबर (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुश्किलों से घिरे इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के फिर से चुने जाने का रविवार को समर्थन किया।

ट्रंप की लोकप्रियता को देखते हुए यह समर्थन नेतन्याहू के लिए एक बड़ी मदद है, लेकिन पश्चिम एशिया में दोनों की रणनीतियों में मतभेद होने के कारण, अमेरिकी राष्ट्रपति ने महीनों तक यह समर्थन देने से परहेज किया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि नेतन्याहू “एक महान योद्धा प्रधानमंत्री रहे हैं, और ईरान का मुकाबला करने में शांति के लिए उससे भी कहीं बेहतर साझेदार रहे हैं।”

हमास द्वारा सात अक्टूबर 2023 को इजराइल पर किए गए हमले के बाद, इजराइल में 27 अक्टूबर को पहले राष्ट्रीय चुनाव होने जा रहे हैं।

(ट्रंप से) समर्थन न मिलना लिकुड पार्टी के उस नेता के लिए एक बड़ा झटका था, जिसने ट्रंप के साथ अपनी करीबी दोस्ती को सत्ता में बने रहने के लिए एक अहम आधार के तौर पर पेश किया था।

ट्रंप ने पिछले चुनावों में नेतन्याहू का समर्थन किया था, और नवंबर में उन्होंने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग को एक पत्र भेजकर उनसे आग्रह किया कि वे भ्रष्टाचार के आरोपों में नेतन्याहू को माफ कर दें।

हाल के महीनों में नेतन्याहू के बारे में ट्रंप की टिप्पणियां काफी संयमित रही हैं, और जब उनसे पूछा गया कि क्या वे प्रधानमंत्री का समर्थन करेंगे, तो उन्होंने बार-बार टालमटोल भरा जवाब दिया था।